बांकीपुर उपचुनाव में एनडीए उम्मीदवार की जीत के लिए पूरी ताकत लगाएगा जदयू: शंभूनाथ सिन्हा

पटना। जदयू के प्रदेश प्रवक्ता शंभूनाथ सिन्हा ने दावा किया है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के निर्देश पर बांकीपुर उपचुनाव में एनडीए समर्थित उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा की जीत सुनिश्चित करने के लिए जदयू पूरी ताकत लगाएगा।

उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा के मार्गदर्शन में प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कार्यकर्ताओं के लिए स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। इन निर्देशों के तहत जदयू का प्रत्येक कार्यकर्ता एनडीए उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करने के लिए दिन-रात मेहनत करेगा।

शंभूनाथ सिन्हा ने कहा कि बांकीपुर सीट पर मुख्य मुकाबला एनडीए और राजद के बीच है। उन्होंने जन सुराज और राजद के बीच अंदरूनी सांठगांठ का आरोप लगाते हुए दावा किया कि एनडीए समर्थकों के मतों का विभाजन कर राजद उम्मीदवार को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से जन सुराज ने प्रशांत किशोर को चुनाव मैदान में उतारा है।

उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता राजद और जन सुराज की कथित मिलीभगत को अच्छी तरह समझती है और दोनों दलों की राजनीतिक रणनीति को सफल नहीं होने देगी। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव 2025 में भी प्रशांत किशोर ने इसी प्रकार का प्रयास किया था, लेकिन राज्य की जनता ने उन्हें नकार दिया।

जदयू प्रवक्ता ने विश्वास जताया कि बांकीपुर के मतदाता इस उपचुनाव में एनडीए उम्मीदवार को पिछले चुनाव की तुलना में अधिक मतों के अंतर से जीत दिलाएंगे।