मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भागलपुर के गोराडीह में नव स्थापित डिग्री कॉलेज, कासिल परिसर से राज्यभर के 211
नए डिग्री कॉलेजों में पठन-पाठन कार्य का शुभारंभ किया।
सम्राट चौधरी ने कहा कि मुजफ्फरपुर में आर्किटेक्चर व सिविल इंजीनियरिंग विश्वविद्यालय व भागलपुर में एआई
एवं कंप्यूटर साइंस विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी।
भागलपुर क्षेत्र में 2 एयरपोर्ट विकसित किए जाएंगे, जिनमें सुल्तानगंज में प्रस्तावित एयरपोर्ट भी शामिल है।
भागलपुर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार 15 जुलाई को भागलपुर के गोराडीह में नव स्थापित डिग्री कॉलेज,
कासिल परिसर से राज्यभर के 211 नए डिग्री कॉलेजों में पठन-पाठन कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि आज का दिन बिहार के लिए गौरव का दिन
है। राज्य सरकार ने उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया है, जिससे प्रत्येक प्रखंड के
विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने ने कहा कि बिहार
की गौरवशाली शैक्षणिक विरासत को पुनर्जीवित करने के लिए प्राचीन विक्रमशिला विश्वविद्यालय को आधुनिक
स्वरूप में पुनर्स्थापित करने की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। इसके लिए राज्य सरकार द्वारा करीब 220 एकड़ भूमि
हस्तांतरित की जा चुकी है व अगले 1 वर्ष के भीतर विक्रमशिला विश्वविद्यालय की स्थापना का लक्ष्य निर्धारित
किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुजफ्फरपुर में आर्किटेक्चर एवं सिविल इंजीनियरिंग विश्वविद्यालय व
भागलपुर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) एवं कंप्यूटर साइंस विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी। इसके
साथ ही बिहार में 4 नए निजी विश्वविद्यालयों को भी मंजूरी दी गई है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बिहार की
समृद्धि का सबसे बड़ा आधार बनेगी और राज्य को ज्ञान एवं नवाचार का केंद्र बनाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षतिग्रस्त विक्रमशिला सेतु को 30 नवंबर तक हर हाल में पूरी तरह चालू कर दिया जाएगा,
जिससे लाखों लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि भागलपुर में करीब 400 एकड़ क्षेत्र में
औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बिहार से बाहर रह रहे लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे
अपने राज्य लौटें और बिहार की समृद्धि एवं विकास में सहभागी बनें। उन्होंने कहा कि हम लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र
मोदी के विकसित भारत के संकल्प एवं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के सपने को साकार करने
का काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत अब तक 1 करोड़ 81 लाख
महिलाओं के खातों में राशि भेजी जा चुकी है व शेष पात्र महिलाओं के खातों में 25 जुलाई को राशि हस्तांतरित
कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि आधारभूत संरचना और पर्यटन के क्षेत्र में भी तेजी से कार्य किया जा रहा है।
मुंगेर से भागलपुर तक 83 किलोमीटर लंबी गंगा मरीन ड्राइव का निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है, जो पूरा होने के
बाद बिहार का प्रमुख आकर्षण बनेगा। कहलगांव के समीप गंगा नदी के किनारे स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल
बटेश्वर धाम मंदिर तक श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रोप-वे का निर्माण कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भागलपुर क्षेत्र में 2 एयरपोर्ट विकसित किए जाएंगे, जिनमें सुल्तानगंज में प्रस्तावित एयरपोर्ट
भी शामिल है। इससे क्षेत्र में उद्योग, पर्यटन और व्यापार को नई गति मिलेगी। पीरपैंती में 2400 मेगावाट का
पॉवर प्लांट लगने जा रहा है, इसकी क्षमता को 1600 मेगावाट और बढ़ाया जाएगा। इस परियोजना में 70 हजार
करोड़ रुपये का इन्वेस्टमेंट होगा। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर के अंतर्गत अब तक करीब 6 लाख आवेदन आए
हैं, जिनमें से साढ़े 5 लाख आवेदन का निष्पादन कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पटना में राज्य स्तर पर
आयोजित सहयोग कार्यक्रम में मेरे समक्ष 129 आवेदन आए थे। 100 लोगों ने मेरे समक्ष अपनी समस्याएं रखी,
जिसका निष्पादन उसी समय कर दिया गया। उन्होंने कहा कि अपराधी किसी भी जाति या वर्ग का हो उस पर
कार्रवाई होगी। अपराधी को या तो भागलपुर जेल जाना पड़ेगा, या बिहार छोड़ना पड़ेगा। अपराधी के लिए बिहार में
काई जगह नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 अगस्त से डॉक्टर बाहर के अस्पतालों में मरीजों को रेफर नहीं कर
पाएंगे। अनुमंडल और जिला के अस्पतालों में ही मरीजों का इलाज होगा। बेवजह मरीजों को रेफर करने वाले
चिकित्सकों पर कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में शामिल होने से पूर्व गोराडीह में नव स्थापित राजकीय महाविद्यालय के पठन-पाठन कार्य
का शिलापट अनावरण कर शुभारंभ किया। उद्घाटन के पश्चात मुख्यमंत्री ने नव स्थापित राजकीय महाविद्यालय
कासिल का निरीक्षण कर उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान कई विभागों द्वारा लगाए गए
स्टॉलों का मुख्यमंत्री ने अवलोकन किया। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी, उच्च शिक्षा एवं विधि मंत्री
संजय सिंह टाइगर, सांसद अजय मंडल, विधायक शुभानंद मुकेश, विधायक रोहित पांडेय, विधायक ललित नारायण
मंडल, विधायक मिथुन कुमार, विधायक मुरारी पासवान, विधान पार्षद विजय सिंह, विधान पार्षद डॉ. संजीव सिंह,
विधान पार्षद डॉ. एनके यादव, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, डीजीपी विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार
सिंह, उच्च शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग सह भागलपुर जिले के
प्रभारी सचिव दीपक आनंद, जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव समेत अन्य
जन प्रतिनिधिगण, गणमान्य व्यक्ति, वरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद थे।
