पटना। राजद प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने चारा घोटाला मामले में सुप्रीम कोर्ट से
राहत मिलने के बुधवार को अपनी प्रतिक्रिया दी। पत्रकारों ने लालू यादव से सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लेकर सवाल
किया तो उन्होंने संक्षिप्त जवाब देते हुए कहा कि ‘मैं खुश हूं।’ दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को देवघर
कोषागार से जुड़े चारा घोटाला मामले में लालू प्रसाद यादव को बड़ी राहत देते हुए उनकी जमानत बरकरार रखी।
सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई की उस याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें झारखंड हाई कोर्ट द्वारा दी गई जमानत
रद्द करने और उस पर रोक लगाने की मांग की गई थी। सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि लालू प्रसाद
यादव को जमानत मिले काफी समय बीत चुका है और इस स्तर पर उसमें हस्तक्षेप करने का कोई औचित्य नहीं
है। हालांकि, अदालत ने झारखंड हाई कोर्ट से अनुरोध किया कि लालू यादव और अन्य आरोपियों की लंबित अपीलों
की सुनवाई में तेजी लाई जाए तथा 6 महीने के भीतर मामले का निस्तारण करने का प्रयास किया जाए।
