सिवान। सिवान जिला के हसनपुरा प्रखंड के उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, रजनपुरा की एक शिक्षिका खालिदा जिया का वीडियो इन दिनों इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में विद्यालय की गणित की शिक्षिका खालिदा जिया विद्यालय परिसर में स्थित वट वृक्ष पर महिलाओं द्वारा वट सावित्री पूजा के दौरान बांधे गए धागों को काटती हुई दिखाई दे रही हैं। वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है और विभिन्न हिंदू संगठनों ने इस पर नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की मांग की है। वीडियो वायरल होने के बाद विभिन्न हिंदू संगठनों ने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर उचित कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब उन्हें ऐसा करने से मना किया गया तो शिक्षिका ने उल्टा सीधा जवाब दिया। घटना के बाद लोगों में आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक दिन वे ब्लेड से धागे को काट रही थी, नहीं कटा तो अगले दिन कैंची लेकर आई और धागे को काटने लगी।

उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, रजनपुरा के प्रधानाध्यापक मधुसूदन राम ने कहा कि संबंधित शिक्षिका खालिदा जिया मानसिक रूप से परेशान हैं। शिक्षिका की कार्यशैली को लेकर पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी है। शिक्षिका कभी-कभी विद्यालय आती हैं और कई बार ऑन लाइन उपस्थिति दर्ज कराकर चली जाती हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी समेत जिले के वरीय अधिकारियों को 3-3 बार लिखित रूप से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। आपको बता दें कि शिक्षिका खालिदा जिया बीपीएससी टीईआर-2 के तहत गणित शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं।